उत्तर प्रदेश में मौसम हुआ सुहावना, पारा लुढ़का, 12 जिलों के लिए आंधी पानी का एलर्ट जारी |

यूपी में तीन दिन बाद यानी शनिवार को मौसम साफ है। सुबह से पूरे प्रदेश में अच्छी धूप है। हालांकि, बादलों की आवाजाही और ठंडी तेज हवाओं की वजह से धूप बेअसर है। हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई है। लोगों को अलर्ट रहने को कहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ों पर बारिश की वजह से यूपी में मौसम बदल गया है। पूरे महीने की बात करें तो मई में सामान्य से अधिक बारिश होगी। शुरुआती 10 दिनों में लगातार सक्रिय विक्षोभों की वजह से लू से राहत रहेगी। हालांकि, बाद में तराई वाले क्षेत्रों में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है। पूर्वी यूपी में लू सामान्य रहेगी।

इससे पहले, शुक्रवार को गोरखपुर, बलिया, देवरिया समेत 8 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा कन्नौज में 54 मिमी, बलरामपुर में 52.6 मिमी, लखीमपुर खीरी में 51.8 मिमी, बरेली में 29 मिमी और गोरखपुर में 23.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। सर्द हवाओं की वजह से प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32°C के बीच रहा।

जालौन 41.6°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। 27 अप्रैल को बांदा में पारा 47.6°C पहुंच गया था। यानी 5 दिन में पारा 6°C तक लुढ़क गया है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो हरदोई में पारा सबसे कम 17°C रिकॉर्ड किया गया। 3 दिनों में आंधी-बारिश से 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

बड़े शहरों का हाल जानिए-

  • लखनऊ: मौसम साफ है। धूप निकली है। 15-25 की रफ्तार से ठंडी हवा चल रही है। बीच-बीच में बादल भी छा रहे हैं। आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा।
  • प्रयागराज: सुबह से धूप निकली है। तेज हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
  • वाराणसी: 48 घंटे में तापमान 8 डिग्री घटा है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं। धूप निकली है। हालांकि, ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी से राहत बरकरार है। हवा की रफ्तार 14 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई।
  • अयोध्या: मौसम ठंडा बना हुआ है। सुबह से तेज धूप निकली है। रात में हुई बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट आई है। आगामी 24 घंटे में आसमान में बादलों का आवागमन जारी रहेगा। शाम को तेज हवाएं चलेंगी।
  • बरेली: आसमान साफ है। धूप खिली हुई है। ठंडी हवा चलने से गर्मी से लोगों को राहत मिली है। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 11⁰C तक की गिरावट देखी गई है।
  • आगरा: सुबह से मौसम साफ है। बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश के बाद भीषण गर्मी से राहत है। धूप के साथ हल्की हवा चल रही है। इससे 3 से 6 मई तक एक बार फिर से बूंदाबांदी का अलर्ट है।

    अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

    • 3 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। आंधी-तूफान की संभावना कम है।
    • 4 मई: पूरे प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।
    • 5 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 60 की रफ्तार से आंधी चलेगी। बिजली और ओले गिरने के आसार हैं।
    • 6 मई: पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
    • 7 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। ओले भी गिर सकते हैं।
Real India News
Author: Real India News

Real india news portal is a platform where the NEWS is presented as it is .

Leave a Comment