UP में पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों से भी हो रही वसूली, अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर लगाया गंभीर आरोप |

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के चरम पर होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि पुलिस भर्ती परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों से भी पैसे वसूले जा रहे हैं। यादव ने इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि उच्चतम न्यायालय ने यहां तक कह दिया है कि राज्य पुलिस को भंग ही कर देना चाहिए। सपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान, यादव ने मीडिया में आई खबरों का हवाला देते हुए बताया कि कैसे उच्चतम न्यायालय ने हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्थिति पर एक गंभीर टिप्पणी की थी, जिसमें कहा गया था कि इस बल को भंग कर देना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा, ‘‘मुझे याद नहीं आता कि पिछले 10 वर्षों में किसी उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय ने किसी अन्य सरकार के बारे में इतनी सख्त टिप्पणी की हो।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। यहां तक कि उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों से भी वसूली की जा रही है।’’ सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को ‘‘बर्बाद’’ कर दिया है।
Real India News
Author: Real India News

Real india news portal is a platform where the NEWS is presented as it is .

Leave a Comment