लखनऊ के मेदांता अस्पताल में राजनीति की एक अनोखी तस्वीर दिखी. सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद का पुतला फूंकते वक्त झुलसी भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का हाल जानने पहुंचे. सियासी कड़वाहट के बीच अखिलेश की इस संवेदनशीलता ने सबको हैरान कर दिया. दोनों नेताओं की मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है.
राजनीति में अक्सर नेता एक-दूसरे पर तीखे वार करते हैं. मगर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कुछ ऐसा किया जिसने सबकी बोलती बंद कर दी. अखिलेश यादव अचानक लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंच गए. वहां उन्होंने बहराइच सदर से भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मुलाकात की. अनुपमा जायसवाल वही विधायक हैं जो कुछ दिन पहले अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंक रही थीं. इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान वह हादसे का शिकार हो गईं और बुरी तरह झुलस गईं. अखिलेश यादव को अपने सामने देखकर अनुपमा जायसवाल के चेहरे पर मुस्कान आ गई.










