जालौन में सड़क हादसे में 6 लोगो की मौत , ट्रक में घुसी टवेरा, अस्पताल में वार्ड ब्वॉय नहीं होने पर 20 मिनट तक एम्बुलेंस में तड़पे घायल |

जालौन में 100 की रफ्तार में टवेरा हाईवे पर पीछे से ट्रक में घुस गई। हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हैं। टवेरा सवार अयोध्या से रामलला के दर्शन कर ललितपुर जा रहे थे।

हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग फंस गए। वे 20 मिनट तक कार में ही तड़पते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार के गेट काटकर घायलों को बाहर निकाला।

हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर शहर से 55 किमी दूर कालपी में हुआ। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। श्रद्धालुओं ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी, जिस वजह से एयरबैग भी नहीं खुले। इसी कारण हादसे में 6 लोगों की जान चली गई।

ललितपुर के महरौनी के रहने वाले शशिकांत तिवारी (49) अपने परिजनों के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे जैसे ही उनकी कार कालपी क्षेत्र के जोल्हुपुर मोड़ के पास पहुंची, चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रहे वाहन से टकरा गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कुछ घायल करीब एक घंटे तक कार के केबिन में फंसे रहे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामीप्रसाद तिवारी, मनोज भोंडल और देशराज शामिल बताए जा रहे हैं।

सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मेडिकल कॉलेज के बाहर 10 मिनट तक तड़पते रहे मरीज

घायलों को लेकर एम्बुलेंस मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर पहुंची, लेकिन वहां वार्ड बॉय मौजूद नहीं था। स्थिति यह रही कि मरीज करीब 10 मिनट तक एम्बुलेंस में ही तड़पते रहे। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में मृतकों में से दो की पहचान

जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि हादसे में मृतकों में से दो की पहचान हो सकी है। जिस कार में लोग सवार थे, उसमें मौजूद व्यक्तियों के नाम मिल गए हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कौन-कौन मृतक हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों के आने के बाद ही मृतकों की सही पहचान सुनिश्चित की जा सकेगी।

डीएम ने यह भी बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया जाएगा। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि आगे की कार्रवाई और पहचान प्रक्रिया पूरी की जा सके।

Real India News
Author: Real India News

Leave a Comment

Traffic Tail