मई के महीने में गर्मी अपने चरम पर होती है. हर तरफ आसमान से आग बरस रही होती है. लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी, लू और तपती हवाओं का डर सताने लगता है. लेकिन इस बार मौसम ने अलग ही करवट ले ली है. कहीं 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल रही हैं, तो कहीं ओलों की मार किसानों की चिंता बढ़ा रही है. उत्तर प्रदेश और बिहार में ठनका यानी आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले 24 से 48 घंटे कई राज्यों के लिए भारी पड़ सकते हैं. अच्छी बात यह है कि भीषण गर्मी और लू पर फिलहाल ब्रेक लगा हुआ है. लेकिन राहत के साथ खतरा भी जुड़ा है. तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाएं अचानक नुकसान पहुंचा सकती हैं. यही वजह है कि मौसम का यह बदला हुआ मिजाज लोगों को राहत भी दे रहा है और डर भी पैदा कर रहा है.
मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अगले कुछ दिन देशभर में मौसम काफी एक्टिव रहेगा. पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर जरूर हो रहा है, लेकिन इसका प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी से मौसम सुहावना बना हुआ है जबकि दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो चुकी हैं. तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है. कुल मिलाकर देश का मौसम इस समय एक साथ कई रंग दिखा रहा है.









