पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की वर्तमान मुख्यमंत्री आदित्यनाथ को वर्तमान न भूलने और भविष्य पर बात करने की सलाह |

उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में परस्पर तीखी टीका-टिप्पणीय तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा की पूर्व सरकारों और नेताओं पर हमले के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी सीधा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वर्तमान को क्यों भूल जाते हैं और आने वाले कल की बात क्यों नहीं करते. यही नहीं उन्होंने अगले चुनाव में उनके सीएम चेहरा होने पर भी सवाल खड़ा कर दिया है.

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस संबंध में एक पोस्ट भी की है, जिसमें मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला है. इसमें उन्होंने बीजेपी सरकार के सत्ता से जाने का दावा भी किया है.

अखिलेश यादव का पोस्ट

अखिलेश यादव ने पोस्ट में लिखा, “मुख्यमंत्री जी वर्तमान को क्यों भूल जाते हैं और आनेवाले कल की बात क्यों नहीं करना चाहते हैं. सुनने में तो ये आया है कि आप ही चेहरा होंगे फिर आनेवाले कल पर बात करने से क्यों कतराते हैं. कहीं आप भाजपाइयों की दस साल पुरानी उस बात को याद करके तो नहीं घबराते हैं कि भाजपावाले जिसे चेहरा बनाते हैं, उसको पिछले दरवाज़े का रास्ता दिखाते हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “सच तो ये है कि आप भी जानते हैं कि ऐसे या वैसे या फिर कैसे भी न तो आप, न आपके दल के लोग सत्ता में वापस आ रहे हैं, इसीलिए आप भविष्य से मुँह चुरा रहे हैं और भाषा-विचार की मर्यादाओं से बाहर जा रहे हैं. ये जिव्हा का विचलन ही बता रहा है, आपका दौर जा रहा है.  हम सदैव सभ्य-सुसंस्कृत रहेंगे और आपकी ससम्मान विदाई करेंगे!”

 

Real India News
Author: Real India News

Real india news portal is a platform where the NEWS is presented as it is .

Leave a Comment