यूपी में मानसूनी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। सोमवार सुबह से पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत 20 शहरों में बारिश हो रही है। लखनऊ-कानपुर में रविवार रात 10.30 बजे शुरू हुई रिमझिम बारिश सोमवार सुबह तक जारी है। आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। 69 शहरों में भारी बारिश हो सकती है।
फिरोजाबाद में इतनी बारिश हुई कि सरकारी अस्पताल में पानी घुस गया। पुलिसवाले हाथ में जूते पकड़कर घुटनों तक पानी में चलते नजर आए। शामली में नहर फूट गई। किनारे बनी सड़क 10 फीट धंस गई। नहर का पानी गांवों में घुस गया। कई बीघा खेत जलमग्न हो गए।
इधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश से यूपी में नदियों का जलस्तर तेजी बढ़ रहा है। वाराणसी-प्रयागराज में घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं। काशी में दशाश्वमेध से लेकर पंचगंगा घाट तक रत्नेश्वर महादेव मंदिर समेत 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है।
बलिया में सरयू और लखीमपुर में शारदा नदी के किनारे कटान शुरू हो गया है। 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। संतकबीरनगर में बारिश में 300 साल पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर ढह गया।
पिछले 24 घंटे में बारिश और बिजली गिरने की वजह से प्रदेश में 7 लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में कच्चा मकान ढहने से परिवार के 5 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। बलिया-चंदौली में बिजली गिरने से खेत में धान रोपाई कर रहे एक-एक किसान की जान चली गई।
5-6 दिन भारी बारिश के आसार
इससे पहले, रविवार को 30 शहरों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 54 मिमी. बारिश हमीरपुर में हुई। श्रावस्ती में 40.5, सुल्तानपुर में 37.3 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश में 5-6 दिन भारी बारिश की आशंका जताई है। लोगों को निचले इलाकों और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।









