पति पर अवैध सम्बन्ध का शक होने पर ली टेक्नालाजी की मदद, पत्नी ने कार में चुपचाप लगाया GPS, पति को प्रेमिका के साथ पकड़ा रंगे हाथों ,जम कर पीटा |

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पति-पत्नी के विवाद का एक अनोखा मामला सामने आया है. पति पर दूसरी महिला से संबंध होने का शक होने पर पत्नी ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कार में जीपीएस ट्रैकर लगवा दिया. ट्रैकिंग के जरिए वह अपने देवर और अन्य परिजनों के साथ हापुड़ के एक होटल तक पहुंच गई, जहां पति कथित प्रेमिका के साथ मिला. इसके बाद होटल से लेकर सड़क और बाद में कोर्ट परिसर तक जमकर हंगामा और मारपीट हुई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है.
GPS लगाकर पति के मूवमेंट पर रखा नजर

जानकारी के मुताबिक, बागपत जिले के एक गांव की रहने वाली महिला को काफी समय से अपने पति पर किसी दूसरी महिला के साथ संबंध होने का संदेह था. उसने यह बात अपने देवर और परिवार के अन्य लोगों को बताई. इसके बाद पति की गतिविधियों का पता लगाने के लिए उसकी कार में जीपीएस सिस्टम लगा दिया गया. रविवार को पति घर से बाहर जाने की बात कहकर निकला तो पत्नी और परिजनों ने जीपीएस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैक करनी शुरू कर दी और उसका पीछा करते हुए हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोदीनगर रोड के बांके बिहारी होटल तक पहुंच गए.

होटल में शुरू हुआ हंगामा

पत्नी ने होटल के अंदर पति को एक महिला के साथ देखा तो वह अपना आपा खो बैठी. परिजनों के साथ मिलकर उसने होटल परिसर में ही पति का विरोध किया और मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद होटल से बाहर सड़क तक पहुंच गया. मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को नगर कोतवाली ले गई.

कोर्ट परिसर में फिर हुई मारपीट

पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की. हालांकि मामला यहीं शांत नहीं हुआ. बताया गया कि जब पति एसडीएम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बाहर निकला तो पत्नी ने कोर्ट परिसर में भी उसके साथ दोबारा मारपीट कर दी. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की. सड़क से लेकर कोर्ट तक चले इस पूरे घटनाक्रम ने काफी देर तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचे रखा.

वायरल हुआ घटना का वीडियो

महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में दावा किया है कि उसके पति के साथ मिली महिला बुलंदशहर जिले के एक सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है. स्थानीय लोगों के बीच भी यही चर्चा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा मामला सामने आया है. फिलहाल शांतिभंग में कार्रवाई की गई है और तहरीर के आधार पर आगे की जांच की जा रही है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Real India News
Author: Real India News

Leave a Comment