महंगाई डायन खाये जात है, ईंधन की कीमतों में फिर भारी उछाल, दिल्ली में पेट्रोल 102 और डीजल 95 के पार |

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर वृद्धि की गयी। पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ाये गये हैं। सरकारी तेल कंपनियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर डाले जाने के बीच पिछले दो सप्ताह से भी कम समय में यह चौथी बार है जब कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।

ईंधन कीमतों में 15 मई से फिर संशोधन शुरू हुआ था। तब से अब तक पेट्रोल और डीजल के दाम कुल मिलाकर करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं। उद्योग सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 2.61 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 102.12 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है, जो पहले 99.51 रुपये प्रति लीटर थी।

डीजल के दाम 2.71 रुपये बढ़ाकर 95.20 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं, जो पहले 92.49 रुपये प्रति लीटर थे। यह वृद्धि वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और रुपये में कमजोरी के बीच की गई है। वैश्विक कच्चे तेल की कीमत बढ़ने और रुपये के कमजोर होने से तेल विपणन कंपनियों की आयात लागत पर दबाव बढ़ा है।

इनपुट लागत बढ़ने के बावजूद फ्यूल रिटेलर्स ने पंप की कीमतें कम रखी थीं

इनपुट लागत बढ़ने के बावजूद फ्यूल रिटेलर्स ने पंप की कीमतें कम रखी थीं; सरकार ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य उपभोक्ताओं को महंगाई से बचाना था। हालांकि, विपक्षी दलों ने सरकार पर आरोप लगाया कि उसने प्रमुख राज्यों के चुनावों के बाद तक कीमतों में बदलाव को टाल दिया।

Crisil के अनुसार, पिछली बढ़ोतरी के बाद भी तेल मार्केटिंग कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग 10 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल पर 13 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा था। पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें अब मई 2022 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर हैं।

Real India News
Author: Real India News

Real india news portal is a platform where the NEWS is presented as it is .

Leave a Comment