केक हत्या मामले में आरोपी ने असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर किया फायर , बदले में लापरवाह यू पी पुलिस ने टांग पर मारी गोली | 

बुलंदशहर में चेहरे पर केक लगाने के लिए 3 दोस्तों की हत्या करने के आरोपी मयंक सैनी का पुलिस ने सोमवार सुबह 5.30 बजे एनकाउंटर कर दिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसको जिला अस्पताल में भर्ती करवाया है। इसके अलावा, जिस जिम में वारदात को अंजाम दिया गया, उस पर आज बुलडोजर चलाया जाएगा।

सीओ शोभित कुमार ने बताया- मयंक सैनी को रात 3 बजे गिरफ्तार किया गया था। उसने पूछताछ में बताया कि वारदात में इस्तेमाल देसी तमंचे को फ्लाईओवर के नीचे छिपाया है। आज सुबह 5 बजे पुलिस मयंक की निशानदेही पर फ्लाईओवर के नीचे पहुंची। इस दौरान मयंक ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर तमंचा उठा लिया और भागते हुए फायरिंग कर दी।

उन्होंने बताया- पुलिस की जवाबी फायरिंग में मयंक के बाएं पैर में गोली लगी। वह घायल हो गया। पुलिसवाले उसे कंधों पर टांगकर गाड़ी तक ले गए। फिर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के सुभाष रोड पर हुई।

दरअसल, शनिवार देर रात RJS फिटनेस जिम में बर्थडे बॉय जीतू सैनी (30) ने भाजपा सभासद के भाई, चचेरे भाई और भतीजे की हत्या कर दी थी। पुलिस ने अब तक इस मामले में 2 को गिरफ्तार और 2 को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी जीतू सैनी फरार है।

जिस जिम में इस वारदात को अंजाम दिया गया, उसे बुलंदशहर विकास प्राधिकरण ने सील कर दिया है। जिम के बाहर अवैध निर्माण का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। जिम मालिक को दस्तावेज जमा करने के लिए आज दोपहर 12 बजे तक का समय दिया गया है। अगर जिम का नक्शा स्वीकृत नहीं पाया जाता है, तो प्राधिकरण बुलडोजर की कार्रवाई करेगा। इसके अलावा, आरोपियों के घरों पर भी आज प्राधिकरण नोटिस चस्पा कर 24 घंटे का समय देगा।

सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए-

  • वार्ड नंबर 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी ने बताया कि जीतू का शनिवार को बर्थडे था। उसने पार्टी में दोस्तों को बुलाया था। मेरा भाई मनीष सैनी (30), भतीजे आकाश (19) और चचेरे अमरदीप सैनी (32) पार्टी में शामिल होने गए थे। चश्मदीदों से पूछताछ में पता चला कि चचेरे भाई ने आरोपी बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। इससे वह भड़क गया।
  • पहले कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मेरे भाइयों-भतीजे पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। भाई के दोस्त और जिम संचालक रूपेश सैनी ने मुझे फोन कर घटना की सूचना दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
  • शाम 4 बजे पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों शवों को कड़ी सुरक्षा में घर लाया गया। शाम करीब 6 बजे तीनों का एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी जीतू ने मयंक के तमंचे से फायरिंग की। वारदात के बाद वे CCTV का डीवीआर अपने साथ लेकर भाग गए हैं। पुलिस ने जीतू-मयंक समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज की है।
Real India News
Author: Real India News

Real india news portal is a platform where the NEWS is presented as it is .

Leave a Comment