देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने मन की बात आम जनता तक पहुँचाने के लिए शुरू किये गए “मन की बात ” कार्यक्रम के जवाब में अब समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी आम जनता की समस्याओं और समाधान के लिए “काम की बात ” कार्यक्रम की शुरुआत कर रहे है | कार्यक्रम का शुभारम्भ आज ठीक उसी वक्त होगा जिस समय देश के प्रधानमंत्री ऑल इंडिया रेडियो के जरिये देश को अपने मन की बात बताएँगे |
आपको बता दें इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 3 अक्टूबर 2014 को की गयी थी, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता के साथ संवाद स्थापित करना था , अब इसी कार्यक्रम के जवाब में लखनऊ से सटे जिला उन्नाव में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव ज्ञानेश लोधी आज ठीक उसी समय पर उन्नाव की जनता से जमीनी स्तर पर “काम की बात” कार्यक्रम के जरिये उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उन समस्याओं को लेकर मौजूदा सरकार को घेरेंगे |
सपा नेता ज्ञानेश लोधी ने बताया की दो प्रमुख और महत्वपूर्ण जिलों कानपुर और लखनऊ के बीच बसे होने के बावजूद आज तक उन्नाव जिले में मूल भूत सुविधाओं का अभाव है | लखनऊ कानपूर के बीच सफर करने वाले लोगो के बीच उन्नाव आज महज एक विश्राम स्थली बन कर रह गया है | जहाँ मौजूदा भारतीय जनता पार्टी की सरकार और उनके विधायकों ने यहाँ के विकास को भी विश्राम दे दिया है , आलम यह है की यहाँ की जनता बिजली, पानी और सड़क जैसे जरुरी संसाधनों के लिए तरस रही है , उन्होंने कहा की काम की बात कार्यक्रम के जरिये वे उन्नाव की जानत की आवाज को प्रदेश की बहरी सरकार के कानों तक पहुंचाने का काम करेंगे |
आपको बता दें की आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर समाजवादी पार्टी ने अभी से जमीनी स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है और इसी कड़ी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के प्रदेश सचिव ज्ञानेश लोधी को उन्नाव की जनता से सीधा संवाद और क्षेत्र में सपा का जनाधार और मजबूत करने की कमान सौपी है, वही उन्नाव की जनता ज्ञानेश लोधी को यहाँ की सदर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर देख रही है |