दिल्ली के मायापुरी में स्टील कटिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग , इमारत का एक हिस्सा ढहा, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर |

दिल्ली के मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया में स्टील कटिंग और पैकिंग सामग्री बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग से इमारत का हिस्सा ढह गया, मौके पर 18 दमकल गाड़ियां राहत कार्य में जुटी हैं।
वेस्ट दिल्ली के मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया में आज (गुरुवार) को अफरा-तफरी मच गई जब स्टील कटिंग एवं पैकिंग सामग्री बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने इमारत की पहली और दूसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
आग से ईमारत का हिस्सा ढहा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, करीब 500 वर्ग गज में बनी इस फैक्ट्री की इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और दो मंजिलें हैं। भवन का कुछ हिस्सा स्थायी निर्माण का है, जबकि कुछ भाग अस्थायी रूप से तैयार किया गया था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इमारत का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 18 गाड़ियां

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने और आसपास की इमारतों तक लपटें पहुंचने से रोकने में जुटे हुए हैं।

अभी तक हताहत की कोई खबर नहीं
राहत की बात यह है कि खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं और आग के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
Real India News
Author: Real India News

Real india news portal is a platform where the NEWS is presented as it is .

Leave a Comment