प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो देशों की यात्रा खत्म करने के बाद आज शुक्रवार (25 अगस्त) को स्वदेश लौट रहे है। ग्रीस से पूर्व निर्धारित यात्रा पर पीएम मोदी दिल्ली नहीं बल्कि सीधे कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री यहां चंद्रयान-3 मिशन में शामिल इसरो के वैज्ञानिकों की टीम से मुलाकात करेंगे। पीएम चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और अधिकारियों को बधाई देंगे। चंद्रयान की सफल लैंडिंग पर पीएम मोदी ने कहा कि जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है। ये नए भारत की सुबह है। हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया…भारत अब चांद पर है।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए भारतीय जनता पार्टी ने भव्य स्वागत की तैयारी कर रखी है। एक भाजपा नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए 6000 से ज्यादा कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इस दौरान पीएम मोदी का एक रोड शो होगा। इसके बाद वे इसरो के वैज्ञानिकों से मिलकर चंद्रयान 3 की बधाई देंगे। मिशन मून में हिस्सा लेंने वाले सभी लोगों से बातचीत करेंगे।
चंद्रयान-3 की सफलता पर व्यक्तिगत रूप से देंगे बधाई
पीएम मोदी बीते दिनों ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जोहान्सबर्ग में गए थे। इसके बाद वे ग्रीस पहुंचे थे। अंतरिक्ष में 40 दिनों की यात्रा के बाद, चंद्रयान -3 लैंडर ‘विक्रम’, बुधवार शाम को चांद के साउथ पोल पर लैंडिंग करने वाला भारत पहला देश बन गया। प्रधानमंत्री मोदी चंद्रयान-3 की लैंडिंग के लाइव प्रसारण में दक्षिण अफ्रीका से ऑनलाइन शामिल हुए। पीएम मोदी ने कहा भी था कि अगर संभव हुआ तो चंद्रयान-3 की सफलता पर व्यक्तिगत रूप से बधाई देंगे।