Ram Rahim: हत्या और यौन उत्पीड़न के आरोप के जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम पर सरकार मेहरबान है। उसे एक बार फिर पैरोल मिली है। राम रहीम 30 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर आएगा। 15 अगस्त को राम रहीम का जन्मदिन है। बताया जा रहा है कि वह समर्थकों के साथ बरनावा डेरे में अपना जन्मदिन मनाएगा। 30 दिन की पैरोल मिलने के बाद सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम कुछ समय में रोहतक की सुनारिया जेल से बाहर आएगा। इस बार वह UP के बागपत स्थित बरनावा आश्रम में रहेगा। उसे सिरसा डेरे में जाने की इजाजत नहीं है। इससे पहले उसके लिए सिरसा से घोड़े और गाय पहुंचाए गए हैं और वहां पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
इसी साल जनवरी में मिली थी 40 दिनों की पैरोल
राम रहीम को ढाई साल में 7वीं बार पैरोल मिली है। इससे पहले इसी साल 21 जनवरी को राम रहीम 40 दिनों के पैरोल पर जेल से बाहर आया था। राम रहीम का 15 अगस्त को जन्म दिन है, पैरोल मिलने के बाद वह जेल से बाहर अपना जन्म दिन प्रेमियों के बीच मनाएगा। राम रहीम हत्या और यौन उत्पीड़न के मामले में जेल में बंद है। कैद के 30 महीने में राम रहीम को 7वीं पैरोल मिली है।
राम रहीम को कब-कब मिली पैरोल
1. 24 अक्टूबर 2020- बीमार मां से मिलने के लिए 1 दिन की पैरोल
2. 21 मई 2021- बीमार मां से मिलने के लिए 1 दिन की पैरोल
3. 7 फरवरी 2022- 21 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर आया था
4. जून 2022- 30 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर आया
5. अक्टूबर 2022- 40 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर आया राम रहीम
6. 21 जनवरी – डेरा प्रमुख शाह सतनाम की जयंती के लिए 40 दिनों की पैरोल मिली
7. 20 जुलाई 2023- अब 30 दिनों की पैरोल को मिली मंजूरी
राम रहीम पर मेहरबानी से उठ रहे सवाल
राम रहीम पर सरकार की मेहरबानी से सवाल उठ रहे हैं। बाबा के जेल से बाहर आने की खबर से उसके चाहने वालों में तो खुशी है। लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं जो इस फैसले पर सवाल खड़ा रहे हैं। इससे पहले फरवरी 2022 में जब राम रहीम को 21 दिनों की पैरोल मिली थी, तब भी खूब हंगामा हुआ था। उस समय पंजाब और यूपी में विधानसभा चुनाव थे। लोगों का कहना था चुनावी फायदे के लिए बाबा को जेल से बाहर निकाला गया।
बाबा के सामने नतमस्तक होते हैं मंत्री-सांसद
मालूम हो कि कानून की नजर में अपराधी बाबा राम रहीम पर हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी यूपी के लाखों लोगों की आस्था है। लोग उन्हें भगवान मान कर पूजते हैं। बाबा के सामने भाजपा नेता कतार में लगकर आशीर्वाद लेते हैं। हरियाणा सरकार के मंत्री समेत सांसद और कई भाजपा नेता राम रहीम के दरबार में नतमस्तक हो चुके हैं। इसमें हरियाणा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार और CM के पूर्व राजनीतिक सलाहकार कृष्ण बेदी सहित कई बाबा का आशीर्वाद ले चुके हैं।